India vs Sri Lanka : भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे कोलंबो टेस्ट के पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। पहली पारी में पिछड़ने के बाद फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका ने दूसरी पारी में 8 विकेट गंवाकर 383 रन बना लिए हैं। टीम अब भारत के खिलाफ 170 रन की बढ़त बना चुकी है।
दिनूषा शतक के करीब
श्रीलंका के बल्लेबाज सोनल दिनूषा ने भारतीय गेंदबाजी का सामना करते हुए शानदार पारी खेली। वह 98 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और अपने शतक से सिर्फ 2 रन दूर हैं। उनके साथ लाहिरू कुमारा बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिनूषा ने इस सीरीज में लगातार चौथी बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाजों कुमार संगकारा और दिमुथ करुणारत्ने की बराबरी कर ली है।
भारतीय गेंदबाजों को मिली अहम सफलताएं
भारत की तरफ से मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके। रवींद्र जडेजा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और सारांश जैन को एक-एक सफलता मिली। जडेजा ने पांचवें दिन प्रभाथ जयसूर्या को आउट कर श्रीलंका को आठवां झटका दिया। जयसूर्या का कैच ध्रुव जुरेल ने शानदार अंदाज में पकड़ा।
भारत ने पहली पारी में बनाई थी बड़ी बढ़त
इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में श्रीलंका की टीम 290 रन पर सिमट गई थी। भारत को 213 रन की बढ़त मिली थी, जिसके बाद श्रीलंका को फॉलोऑन दिया गया। अब मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। भारत को श्रीलंका की पारी जल्द समेटने की जरूरत है, जबकि मेजबान टीम बढ़त को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर 21 साल की मुस्कान की हत्या, जिम ट्रेनर ने चाकू से गोदा, आरोपी फरार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









