Rajasthanराज्य

जयपुर में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान पर बवाल, गांव में घुसने पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों ने खदेड़ा

Jaipur News : जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर विवाद बढ़ गया है. पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और अन्य कार्यकर्ताओं के बागरू गांव पहुंचने की कोशिश के दौरान स्थानीय लोगों से उनका विवाद हो गया. आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ और ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया.

CJP कार्यकर्ता शिवांगी शर्मा ने आरोप लगाया कि गांव में मौजूद लोगों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें आतंकवादी व नक्सली तक कहा, उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी दूसरे देश से नहीं आए हैं, बल्कि इसी देश के नागरिक हैं और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर काम कर रहे हैं.

शिवांगी ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी की गई और लाठियों से भी हमला किया गया, उन्होंने कहा कि उन्हें गांव के अंदर तक नहीं जाने दिया गया.

मैं पाकिस्तान की कैसे हुई?

शिवांगी शर्मा ने कहा कि उनका घर बागरू से करीब आधे घंटे की दूरी पर है और वह जयपुर में ही पली-बढ़ी हैं, उन्होंने सवाल किया कि जब वह इसी देश की नागरिक हैं और यहीं के बच्चों के साथ बड़ी हुई हैं तो उन्हें बाहरी कैसे कहा जा सकता है, उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार देखकर उन्हें दुख हो रहा है.

क्या है CJP का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान?

आपको बता दें कि CJP पिछले कुछ दिनों से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है. इसके तहत लोगों और अभिभावकों से अपने इलाके के सरकारी स्कूलों में जाकर वहां सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान करने और सोशल ऑडिट करने की अपील की जा रही है.

राजस्थान में यह अभियान आशुतोष रांका के नेतृत्व में चलाया जा रहा है. इसी बीच राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक लगा दी है.

इसी पृष्ठभूमि में बागरू गांव में CJP कार्यकर्ताओं के पहुंचने को लेकर विवाद सामने आया है. मामले में कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों के साथ स्थानीय लोगों का पक्ष भी सामने आना बाकी है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, अवैध ढांचे हटाए गए, जानिए क्या है पूरा मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button