
Rajgarh Car Accident : मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर क्षेत्र के पड़ाना कस्बे में सोमवार को बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से तेज बहाव के साथ नाले का पानी गुजर रहा था। इसी दौरान एक ईको कार चालक ने पानी का बहाव तेज होने के बावजूद वाहन को नाले से निकालने की कोशिश की। कुछ ही देर में कार बहाव की चपेट में आकर गहरे नाले में जा गिरी। वाहन में चार बच्चों, चार महिलाओं और तीन पुरुषों सहित कुल 11 लोग सवार थे।
सात लोगों के शव बरामद, दो को ग्रामीणों ने बचाया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। इस दौरान दो पुरुषों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, पुलिस-प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे तक अभियान चलाया। दोपहर करीब दो बजे तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके थे। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।
धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए निकला था परिवार
जानकारी के मुताबिक देवास जिले के सतवास गांव का एक परिवार ईको कार से राजगढ़ की सारंगपुर तहसील के कड़नावद गांव स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन करने जा रहा था। पड़ाना बायपास के पास पहुंचने पर उन्हें उफनते नाले का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते नाले का पानी सड़क से काफी ऊपर बह रहा था और बहाव बेहद तेज था।
पानी का बहाव देखकर भी कार आगे बढ़ा दी
स्थानीय लोगों के अनुसार नाले में पानी इतना अधिक था कि सड़क और नाले के बीच अंतर करना भी मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद चालक ने कार को रोकने के बजाय आगे बढ़ाने का फैसला किया। पानी के तेज बहाव के बीच कार संतुलन खो बैठी और नाले की तरफ बहने लगी। देखते ही देखते वाहन गहरे पानी में डूब गया।
ग्रामीणों ने चालक को रोकने की कोशिश की थी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने चालक को कार आगे ले जाने से मना किया था। उन्होंने तेज बहाव को देखते हुए बारिश रुकने और पानी कम होने का इंतजार करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद चालक ने वाहन नाले में उतार दिया। कुछ ही क्षणों में कार बहाव में फंस गई और नाले में जा गिरी।
तीन साल के बच्चे का शव सबसे पहले बरामद
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी समेत अन्य अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने भी रस्सियों की मदद से रेस्क्यू टीमों का सहयोग किया। अभियान के दौरान सबसे पहले तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद महिलाओं और बच्चों समेत छह अन्य लोगों के शव भी निकाले गए। स्थानीय लोगों ने दो पुरुषों मुकेश और हुकुमसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
भाई को सुबह 11:30 बजे मिली हादसे की जानकारी
बताया जा रहा है कि कार धांसड़ गांव निवासी मुकेश नायक चला रहा था। उसके भाई बाला नायक के मुताबिक, उन्हें हादसे की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली। मुकेश ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी थी।
बाकी लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
फिलहाल नाले में बहे बाकी लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। बरामद शवों को पड़ाना में रखा गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें – पाकिस्तान में फिर आटे की किल्लत, महंगाई से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








