UP News : झांसी में हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई. वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. लेकिन झांसी पहुंचने से पहले ही उसकी कार हादसे का शिकार हो गई. इस दुर्घटना में अबान के साथ उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ. प्रयागराज से झांसी जा रही कार में कुल पांच लोग सवार थे. इनमें अबान अहमद भी शामिल था. सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे.
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
रास्ते में कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में कार बुरी तरह टूटी हुई दिखाई दे रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस तरफ सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, उसी ओर अबान अहमद बैठा हुआ था.
इस हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. झांसी के एसएसपी ने बताया कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









