Uttar Pradeshराज्य

बसपा के तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, 55 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

UP News : उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता और बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह का बुधवार रात निधन हो गया, उन्होंने 55 वर्ष की आयु में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे.

बसपा के आजमगढ़ और गोरखपुर मंडल के मुख्य संयोजक मदन राम ने बताया कि उमाशंकर सिंह का बुधवार (5 अगस्त 2026) रात करीब साढ़े आठ बजे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है.

छात्र नेता से तीन बार विधायक तक का सफर

मदन राम के अनुसार, उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी. वर्ष 1990-91 में वह बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ के महामंत्री चुने गए थे. इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2012 में पहली बार रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए. इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने इसी सीट से लगातार जीत दर्ज की. उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं.

मायावती ने जताया गहरा दुख

वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया, उन्होंने उन्हें पार्टी का समर्पित, ईमानदार और पूरी तरह वफादार नेता बताया.

‘एक्स’ पर किए गए अपने पोस्ट में मायावती ने कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है, उन्होंने उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार हमेशा से बसपा से जुड़ा रहा है.

इलाज के दौरान बेटे के संपर्क में थीं मायावती

मायावती ने बताया कि इलाज के दौरान वह लगातार उमाशंकर सिंह के बेटे के संपर्क में थीं और उन्हीं से उनके निधन की जानकारी मिली, उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button