Uttar Pradeshराज्य

UP में मानसून मेहरबान, आज भी होगी झमाझम बारिश, कई जिलों में अलर्ट

UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. बुधवार को नोएडा से लेकर वाराणसी तक प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली. लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि शुक्रवार से मानसून की सक्रियता में कमी आने की संभावना है.

12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

आज आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, जालौन, झांसी और ललितपुर में लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. इन जिलों में कई जगहों पर भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, कासगंज, हाथरस, उन्नाव, रायबरेली, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मीरजापुर और सोनभद्र में आज लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.

अनेक हिस्सों में बारिश होने का अनुमान

लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा और बिजनौर में भी आज अनेक इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है. हालांकि 11 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस अवधि के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना

बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button