Jharkhandराज्य

आकाशीय बिजली का कहर, झारखंड में 13 की मौत, UP में भी 3 लोगों ने गंवाई जान

Heavy Rain News : देश के कई राज्यों में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली और करंट लगने की घटनाओं ने बड़ा नुकसान पहुंचाया. झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में बिजली के झटके से तीन लोगों की जान चली गई. कई अन्य लोग घायल हुए हैं. लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है.

पुलिस के अनुसार, झारखंड के गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हुई. इनमें गिरिडीह में 8, दुमका में 3 और लातेहार में 2 लोगों की जान गई. हादसों में कई लोग घायल भी हुए हैं.

गिरिडीह में सबसे ज्यादा मौतें

खोरिमाहुआ के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गिरिडीह जिले के उनके उपमंडल के तीन थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हुई और 3 लोग घायल हुए. वहीं, बागोदर थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई.

दुमका जिले के रामगढ़ ब्लॉक में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित चार लोग घायल हुए. लातेहार में भी अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हुई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

उत्तर प्रदेश में तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में बिजली के झटके से तीन लोगों की जान चली गई. देवरिया में मोबाइल फोन चार्ज करते समय आठ वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई. एटा में ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से 10 वर्षीय लड़के की जान चली गई. वहीं, लखनऊ के गोसाईंगंज स्थित रामबाग धाम अमेठी मंदिर में घरेलू बिजली की चपेट में आने से 65 वर्षीय पुजारी रूप चंद की मौत हो गई. एटा के मरहारा कस्बे में सार्वजनिक वाटर कूलर को छूने से छह वर्षीय बच्ची को करंट लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया.

बारिश से जनजीवन प्रभावित

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई राज्यों में हालात बिगड़ गए हैं. कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, 100 समर्थकों के साथ PM आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने रोका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button