Delhi Weather Today : दिल्ली-NCR में मंगलवार को कई इलाकों में हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी. कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई. हालांकि, बारिश के साथ कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक की समस्या भी देखने को मिली. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सात दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
IMD के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा. वहीं अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था.
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि नमी का स्तर 76 से 100 प्रतिशत के बीच रहा.
दिल्ली में कहां कितनी हुई बारिश
मंगलवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच अयानगर में सबसे अधिक 23.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. सुबह 8:30 बजे तक के पिछले 24 घंटे के आंकड़ों में भी अयानगर 49.3 मिमी बारिश के साथ सबसे आगे रहा. इसके अलावा सफदरजंग में 9.4 मिमी, पालम में 8.1 मिमी, लोधी रोड में 3.7 मिमी और रिज क्षेत्र में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रात में भी बारिश का एक और दौर आने की संभावना है. आज अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. विभाग ने आज के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 6 से 10 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
IMD ने 6 अगस्त के लिए दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लेने, प्रशासन और पुलिस की सलाह का पालन करने तथा जलभराव वाले इलाकों से बचने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, 100 समर्थकों के साथ PM आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने रोका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








