Pakistan Blast : पाकिस्तान में फिर आत्मघाती हमला हुआ है। जिसमें 8 पुलिसकर्मी समेत 14 लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं भीषण बम ब्लास्ट में 22 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को पुलिस स्टेशन के बाहर हुआ। घायल लोगों व पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद पूरे इलाके को सील कर जांच की जा रही है।
पुलिस के गेट पर पहुंचे युवक ने खुद को उड़ाया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली चल रही थी। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि इसी दौरान एक युवक काबल पुलिस स्टेशन के गेट पर पहुंचा। जिसको देखकर पुलिस ने उसे रोका और उसकी तलाशी लेने की कोशिश की, मगर वह नहीं रुका, पुलिस के हरकत में आने से पहले ही युवक ने (फिदायीन) खुद को बम से उड़ा लिया।
राष्ट्रपति ने लोगों की मौत पर दुख जताया
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने धमाके में लोगों की मौत पर दुख जताया, और पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, शांति के दुश्मनों को उनके नापाक इरादों में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। वहीं खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी ने घटना की निंदा की। पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।
पुलिस प्रशासन नागरिकों पर करता है कार्रवाई
प्राथमिक जानकारी के आधार पर खबर लिखे जाने तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। बता दें कि धमाके से पहले रविवार को कई लोग आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली निकाल जा रहे थे। प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि स्वात के पहाड़ी इलाकों में आतंकवादी एक्टिव हैं।
आंदोलन का एक ही मकसद है कि शांति लौटे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन का एक ही मकसद है, इलाके में शांति वापस लौटे और आतंकवाद समाप्त हो। यह सरकार की जिम्मेदारी है। अगर माहौल ऐसा ही रहा तो लोगों में जनआक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









