खेल

यूरोपीय क्रिकेट में नई लीग की एंट्री, 26 अगस्त से शुरू होगी पहली ETPL, कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान में होंगे

Cricket News : यूरोपीय क्रिकेट में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। पहली बार आयोजित होने वाली यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) का पहला सीजन 26 अगस्त से शुरू होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाएगा। छह टीमों के बीच होने वाली इस लीग में दुनिया के कई बड़े क्रिकेट सितारे हिस्सा लेते नजर आएंगे।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉटरडैम डॉकर्स और एम्स्टर्डम फ्लेम्स के बीच खेला जाएगा। ETPL का उद्घाटन सत्र 26 दिनों तक चलेगा और इसके मुकाबले नीदरलैंड के वूरबर्ग क्रिकेट क्लब और आयरलैंड के मलाहाइड में आयोजित होंगे।

विजेता टीम फाइनल में बनाएगी जगह

लीग में कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी छह टीमें डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट के तहत एक-दूसरे के खिलाफ दो बार मैदान पर उतरेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच क्वालिफायर मुकाबला होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी।

क्वालिफायर और फाइनल मुकाबला आयोजित

टूर्नामेंट के शुरुआती 15 मुकाबले नीदरलैंड के वूरबर्ग क्रिकेट क्लब में होंगे। इसके बाद लीग आयरलैंड के मलाहाइड में शिफ्ट हो जाएगी, जहां बाकी लीग मैचों के साथ क्वालिफायर और फाइनल मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा। 7 और 8 सितंबर को टीमों के लिए यात्रा दिवस निर्धारित किए गए हैं।

वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद

ETPL में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर खेलते दिखाई देंगे। इस सूची में स्टीव स्मिथ, रविचंद्रन अश्विन, फाफ डु प्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, हेनरिक क्लासेन, मिचेल मार्श, लुंगी एंगिडी और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इन स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से लीग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ETPL के पहले सीजन की शुरुआत

रॉटरडैम डॉकर्स के सह-मालिक जोंटी रोड्स ने ETPL के पहले सीजन की शुरुआत को गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि टीम अपने घरेलू मैदान पर प्रशंसकों के सामने शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। वहीं, एम्स्टर्डम फ्लेम्स के सह-मालिक स्टीव वॉ ने उद्घाटन मुकाबले को टीम के लिए अपनी क्रिकेट शैली दिखाने का बड़ा अवसर बताया। उन्होंने इसे यूरोपीय क्रिकेट के नए दौर की शुरुआत करार दिया।

डबलिन गार्डियंस के सह-मालिक राहुल द्रविड़ ने कहा कि यूरोप की नई फ्रेंचाइजी T20 लीग में डबलिन का प्रतिनिधित्व करना बेहद खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि टीम अपने शहर और समर्थकों के लिए गर्व का कारण बनने की कोशिश करेगी। ग्लासगो कॉस्मिक के सह-मालिक मैथ्यू हेडन ने भी इस लीग को स्कॉटलैंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मौका बताया। उन्होंने कहा कि उनकी टीम शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

ये भी पढ़ें- जापान में कुदरत का कहर, 7.1 भूकंप की तीव्रता से कांपी धरती, JMA ने जारी की एडवाइजरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button