UP News : उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) को बड़ा झटका लगा है. आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी आजमी का निधन हो गया, उन्होंने 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से बीमार थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.
आलमबदी आजमी समाजवादी पार्टी के सबसे उम्रदराज विधायकों में शामिल थे. वह आजमगढ़ में सपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे और निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे. आलमबदी आजमी अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए लोगों के बीच खास पहचान रखते थे. उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है.
आलमबदी साहब का निधन बेहद दुखद
जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे जामियातुर रशाद में किया जाएगा. इसी दौरान उनके जनाजे की नमाज भी अदा की जाएगी.
समाजवादी पार्टी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है. पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता आलमबदी साहब का निधन बेहद दुखद है. पार्टी ने उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति मिलने की कामना की है.
इलाज के दौरान हुआ निधन
बताया जा रहा है कि आलमबदी आजमी को 13-14 अप्रैल 2026 को इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तब से उनका उपचार चल रहा था. इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया.
आलमबदी आजमी के निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी दुख जताया है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा, “समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा से लोकप्रिय विधायक जनाब आलम बदी का इंतकाल अत्यंत दुखद है. दिवंगत आत्मा को शांति दें भगवान. शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो. भावभीनी श्रद्धांजलि.”
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर, पुंछ-किश्तवाड़ में बादल फटे, 10 की मौतें, 150 से अधिक गाड़ियां बहीं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









