Anantnag Terror Attack : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में कोकेरनाग रोड पर गश्त के दौरान पुलिस बल पर आतंकी हमला हुआ. इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस जवान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी लाल चौक के पास कोकेरनाग जाने वाली सड़क पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान एक गाड़ी में सवार होकर आए आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली लगने से आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
हमले के तुरंत बाद साथी जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 35 वर्षीय शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर-20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम के बीरू इलाके के रहने वाले थे.
आशिक हुसैन कुरैशी की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस प्रशासन की ओर से नियमानुसार आगे की मेडिको-लीगल कार्यवाही की जा रही है.
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गए. सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है. हमलावर आतंकियों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और इस हमले में शामिल दोषियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
ये भी पढ़ें- ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ा, हमलों में 100 अमेरिकी सैनिक घायल, कई देशों में बढ़ी चिंता, अमेरिका ने किए 9 शहरों पर हमले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








