
Jammu Kashmir Yatra News : जम्मू-कश्मीर में हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से जम्मू, उधमपुर और रामबन से श्रीनगर की ओर जाने वाले किसी भी यात्री वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी है।
इस वजह से जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर, रामबन और बनिहाल के बेस कैंपों तथा आवास केंद्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुके हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।
मौसम में सुधार होने तक यात्रा स्थगित
इसी तरह माता वैष्णो देवी की यात्रा भी लगातार दूसरे दिन स्थगित रही। कटड़ा बेस कैंप पर पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा रोके जाने की जानकारी दे रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
रियासी जिले में स्थित शिव खोड़ी धाम की यात्रा भी लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण रोक दी गई है। श्री शिव खोड़ी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अगली सूचना तक अपनी यात्रा स्थगित रखें। बोर्ड ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। मौसम अनुकूल होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
बारिश और बाढ़ से जम्मू-कश्मीर में हालात गंभीर
जम्मू-कश्मीर में रविवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात मुश्किल बना दिए हैं। कई इलाकों में बादल फटने, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ जैसी घटनाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ में सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने सभी जिलों को 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 19 से 24 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें – मुश्किल में इमरान खान की बहन, विवादित टिप्पणी के बाद भेजा गया समन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









