Gujarat

अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Ahmedabad Fire Accident : गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। महमूदपुरा इलाके में स्थित फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र में रामोल-गतराद रोड पर स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में हुआ। दोपहर के समय अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। पटाखों के कारण आग ने कुछ ही समय में भयानक रूप ले लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी फैक्ट्री का संचालन

पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद यहां अवैध रूप से काम जारी था। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद आरएएफ के जवान सबसे पहले राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। चीफ फायर ऑफिसर अमित डोगरे ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के महापौर (Mayor) हितेश बारोट और मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। महापौर ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और हादसे की जांच की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, फैक्ट्री बेहद सीमित और असुरक्षित जगह पर संचालित हो रही थी। आग की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

ये भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, डीजल के दाम में 31 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी, बड़ी वजह आई सामने

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button