Other States

बंगाल की खाड़ी में भूकंप के झटके, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में हिली धरती

Earthquake : बंगाल की खाड़ी में रविवार सुबह 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके झटके आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से करीब 225 किलोमीटर दूर समुद्र में था. भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. झटकों के बाद विशाखापत्तनम समेत कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया. हालांकि, अब तक किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) के अनुसार, भूकंप रविवार सुबह 5:05:46 बजे (IST) आया. इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में 16.805° उत्तरी अक्षांश और 84.381° पूर्वी देशांतर पर स्थित था.

विशाखापत्तनम में महसूस हुए हल्के झटके

INCOIS की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि रविवार सुबह आए इस 4.5 तीव्रता के भूकंप के हल्के झटके विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में महसूस किए गए. हालांकि, भूकंप से किसी के हताहत होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या किसी अन्य तरह की क्षति की कोई सूचना नहीं है. विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि झटके हल्के थे और लोगों के बीच घबराहट की कोई खबर नहीं मिली.

महाराष्ट्र में भी महसूस हुए थे भूकंप के झटके

इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था. अधिकारियों के मुताबिक, यह भूकंप सुबह 11:26 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था. इस घटना में भी किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली.

वहीं, गुरुवार को महाराष्ट्र के हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. अधिकारियों के अनुसार, तीनों जिलों में तड़के 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच चार बार भूकंप आया, जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button