टेक

999 रुपये में रिजर्व करें Samsung का नया फोल्डेबल फोन, मिलेंगे 2799 रुपये के फायदे

Samsung Galaxy : स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर फोल्डेबल फोन को लेकर हलचल बढ़ गई है। दक्षिण कोरियाई टेक कंपनी Samsung ने अपनी नई फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज के लिए भारत में प्री-रिजर्वेशन शुरू कर दिया है। कंपनी अपने साल के दूसरे Galaxy Unpacked Event में इन नए डिवाइस को पेश करने की तैयारी में है। यह लॉन्च इवेंट 22 जुलाई को भारत समेत दुनियाभर के बाजारों के लिए आयोजित किया जाएगा।

2799 रुपये का वाउचर दिया जाएगा

सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट पर यूजर्स अपकमिंग फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज को 999 रुपये देकर प्री-रिजर्व कर सकते हैं। प्री-रिजर्वेशन करने वाले ग्राहकों को कंपनी की ओर से 2799 रुपये का वाउचर दिया जाएगा, जिसे फोन के प्री-ऑर्डर के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा प्री-रिजर्व करने वाले ग्राहकों को एक्सचेंज ऑफर में अतिरिक्त लाभ मिलने की उम्मीद है।

Galaxy Watch Ultra 2 की घोषणा

इस इवेंट में कंपनी अपनी नई फोल्डेबल सीरीज के तहत Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Flip 8 और Galaxy Z Fold 8 Ultra लॉन्च कर सकती है। इसके साथ ही Galaxy Watch 9 सीरीज और Galaxy Watch Ultra 2 की भी घोषणा किए जाने की संभावना है। लॉन्च इवेंट का कीनोट भारतीय समय के अनुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा, जिसका आयोजन लंदन में किया जाएगा।

कवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy Z Fold 8 में 7.6 इंच का डायनैमिक AMOLED 2X फोल्डेबल डिस्प्ले दिया जा सकता है। इसके अलावा फोन में 5.5 इंच का AMOLED कवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। दोनों स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट कर सकती हैं। यह सीरीज Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर के साथ आ सकती है।

45W वायर्ड और 25W वायरलेस चार्जिंग

Galaxy Z Fold 8 Ultra को इस सीरीज का सबसे प्रीमियम मॉडल बताया जा रहा है। इसमें बड़े डिस्प्ले पैनल के साथ 5000mAh बैटरी मिलने की संभावना है। फोन में 45W वायर्ड और 25W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट दिया जा सकता है। इसके डिस्प्ले में 3600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलने की बात सामने आई है।

क्रीज को कम करने में मदद

नई फोल्डेबल सीरीज में डिजाइन को लेकर भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सैमसंग नए हिंज मैकेनिज्म पर काम कर रही है, जो स्क्रीन पर दिखाई देने वाली क्रीज को कम करने में मदद कर सकता है। फोल्डेबल फोन यूजर्स की सबसे बड़ी शिकायतों में से एक डिस्प्ले क्रीज रही है, जिसे कंपनी लगातार बेहतर करने की कोशिश कर रही है।

अब सभी की नजरें 22 जुलाई के Galaxy Unpacked Event पर हैं, जहां सैमसंग अपनी नई फोल्डेबल टेक्नोलॉजी और प्रीमियम डिवाइस की आधिकारिक जानकारी साझा करेगी।

ये भी पढ़ें- ट्रेन में सामान छूट गया? घबराएं नहीं, रेलवे के ये 5 कदम अपनाए और सामान वापस पाएं

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button