UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट बदली। राजधानी लखनऊ में दोपहर करीब 3 बजे आसमान में अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा समेत प्रदेश के करीब 40 शहरों में बारिश का दौर जारी रहा।
कई जगह बाइकें पानी में फंस गईं
बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई। नोएडा में सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। कई जगह बाइकें पानी में फंस गईं और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हाथरस में सदर कोतवाली परिसर में भी पानी भर गया, वहीं कुछ स्थानों पर तेज बहाव के चलते वाहन तक प्रभावित हुए।
दो मंजिला कपड़े की दुकान गिरी
आगरा में बारिश के दौरान बड़ा हादसा सामने आया। सुभाष बाजार इलाके में एक दो मंजिला कपड़े की दुकान अचानक गिर गई। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में 5 लोग फंसे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण दुकान की नींव कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
लखनऊ, प्रयागराज में बारिश
मौसम विभाग ने प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मंगलवार को भी लखनऊ, प्रयागराज समेत कई शहरों में बारिश हुई थी। मथुरा में नाले उफनने से जलभराव की स्थिति बनी और एक डिलीवरी कर्मी बाइक समेत पानी के तेज बहाव में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
अब तक सामान्य से कम बारिश
पिछले 24 घंटों में सोनभद्र में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
ये भी पढ़ें- भारत की T-20 में शर्मनाक हार, इंग्लैंड ने 125 रनों से हराया, धोनी के सामने टीम 76 पर ढेर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









