US Airstrike on Iran : अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान के कई ठिकानों पर दोबारा हवाई हमले किए. यह कार्रवाई Strait of Hormuz में तीन व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने के कुछ ही घंटों बाद हुई. अमेरिका और ईरान के बीच जंग रोकने के लिए हुए अंतरिम समझौते के बाद हुई इस सैन्य कार्रवाई को मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव की नई कड़ी माना जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, ईरान की ओर से जहाजों पर हमला उस समय किया गया, जब दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई के कई दिनों तक चलने वाले अंतिम विदाई कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था. युद्ध की शुरुआत में ही खामेनेई की मौत हो गई थी. इन घटनाओं के बाद Strait of Hormuz को पूरी तरह खोलने, ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने और 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए जारी वार्ताओं के और जटिल होने की आशंका जताई जा रही है.
एयर डिफेंस सिस्टम को बनाया निशाना
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग में निर्दोष नागरिकों के क्रू वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने की कीमत चुकाने के लिए की गई है. एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें, ड्रोन लॉन्च साइट, तटीय निगरानी प्रणाली और जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों को निशाना बनाया जा रहा है. इसके अलावा ईरानी बंदरगाहों पर भी हमले किए जा रहे हैं.
आठ गुना अधिक लक्ष्यों पर हमला
एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह सैन्य अभियान कई घंटों तक जारी रह सकता है. उनके अनुसार, जून के आखिर में हुए जवाबी हमलों की तुलना में इस बार करीब आठ गुना अधिक लक्ष्यों को निशाना बनाया जाएगा. अधिकारी ने कहा कि अमेरिका की चेतावनियों को नजरअंदाज किए जाने के बाद दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है. दोनों अधिकारियों ने अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की.
उधर, ईरान के सरकारी मीडिया ने Qeshm, बंदर अब्बास और सीरिक में विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने की जानकारी दी है. वहीं, ईरान के उपविदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिकी हमले दोनों देशों के बीच हुए अंतरिम समझौते का उल्लंघन हैं.
ये भी पढ़ें- इंग्लैंड के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में उतरेगी Team India, हारते ही श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर बड़ा सवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









