खेल

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप फाइनल, लॉर्ड्स में आमने-सामने होंगी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया, इतिहास भी होगा दांव पर

Womens T20 World Cup : आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और बिना कोई मैच गंवाए फाइनल तक का सफर तय किया है।

हालांकि, फाइनल मुकाबलों के इतिहास पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा इंग्लैंड पर भारी रहा है। वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में दोनों टीमें इससे पहले तीन बार भिड़ चुकी हैं और हर बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की है।

चौथी बार फाइनल में भिड़ंत

ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले 2012 के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। इसके बाद 2014 और फिर 2018 के फाइनल में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंग्लैंड को मात देकर खिताब जीता। ऐसे में लगातार चौथी बार फाइनल में दोनों टीमों की भिड़ंत होने जा रही है और इंग्लैंड के सामने पुराने रिकॉर्ड को बदलने की चुनौती होगी।

अगर टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के कुल मुकाबलों की बात करें तो अब तक सात मैच खेले जा चुके हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने चार मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को दो जीत मिली हैं। एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था।

इंग्लैंड को घरेलू मैदान का फायदा

हालांकि आंकड़े ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में दिखाई देते हैं, लेकिन इंग्लैंड को घरेलू मैदान का फायदा मिल सकता है। इंग्लैंड ने अपने देश में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सभी 11 मुकाबले जीते हैं और अब तक उसे घरेलू सरजमीं पर हार का सामना नहीं करना पड़ा है।

ऐसे में लॉर्ड्स में होने वाला यह फाइनल सिर्फ ट्रॉफी की लड़ाई नहीं होगा, बल्कि इंग्लैंड के लिए पुराने रिकॉर्ड बदलने और ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी बादशाहत बरकरार रखने की भी बड़ी परीक्षा होगी।

ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button