Punjabक्राइम

पत्नी को घर ले जाने पहुंचा युवक, साले ने पेट्रोल डालकर लगा दी आग, बचाने आई महिला की भी मौत

Punjab Crime : पंजाब के तरनतारन जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अपनी रुठी पत्नी को मनाकर वापस घर ले जाने पहुंचे एक युवक पर उसके साले ने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में युवक के साथ-साथ उसे बचाने की कोशिश करने वाली एक महिला की भी मौत हो गई। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

लवप्रीत पत्नी को मनाना घर आया था

मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लवप्रीत और उसकी पत्नी संदीप कौर के बीच कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण संदीप अपने मायके में रह रही थी। 13 जून को लवप्रीत पत्नी को समझाकर वापस घर लाने के इरादे से ससुराल पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

मौके पर मच गई अफरा-तफरी

आरोप है कि इसी दौरान लवप्रीत के साले साजन सिंह ने उस पर पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते युवक आग की चपेट में आ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी

घटना के दौरान परिवार की सदस्य गुरजीत कौर युवक को बचाने के लिए आगे आईं, लेकिन आग की तेज लपटों में वह भी बुरी तरह झुलस गईं। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान लवप्रीत सिंह और गुरजीत कौर की मौत हो गई। इस घटना में आरोपी साजन सिंह भी मामूली रूप से झुलस गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

सीसीटीवी फुटेज SM पर वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि एक व्यक्ति दूसरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालने के बाद आग लगा देता है। आग लगने के बाद पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता है। इसी दौरान उसे बचाने पहुंची महिला भी आग की चपेट में आ जाती है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी दोनों को बचाने के लिए दौड़ता हुआ नजर आता है।

तरनतारन पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी साजन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें- Telegram पर सरकार का बड़ा एक्शन, फिल्में और वेब सीरीज देखना पड़ेगा भारी, तीन दिनों में दूसरा नोटिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button