Ketan Agrawal Case : पुणे में केतन अग्रवाल की मौत के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीड जिले से एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह बालेवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसका संबंध सिया गोयल या चेतन चौधरी में से किसी एक से था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उसे घटना की योजना के बारे में पहले से जानकारी थी। जरूरत पड़ने पर उसे मामले में गवाह भी बनाया जा सकता है।
जांच से बचने के तरीके समझने की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी बताए जा रहे चेतन चौधरी और सिया गोयल ने घटना से पहले अपराध से जुड़े टीवी कार्यक्रमों के कुछ एपिसोड देखे थे। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या दोनों ने उनसे सबूत छिपाने या जांच से बचने के तरीके समझने की कोशिश की थी।
18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। पुलिस का दावा है कि केतन, सिया और चेतन के बीच चल रहे रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसके खिलाफ साजिश रची गई।
पहाड़ी पर घटना जैसी स्थिति की तैयारी
जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल के घर से घटना वाले दिन पहने गए कपड़े और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा पुलिस सिया को पुणे के लुल्लानगर इलाके में भी लेकर गई, जहां जांच के मुताबिक पहले एक पहाड़ी पर घटना जैसी स्थिति की तैयारी की गई थी। पुलिस ने वहां जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सिया के घर की भी तलाशी ली।
लोहगढ़ किले पर जाने की कोशिश
पुलिस जांच के अनुसार, इस मामले की शुरुआत मई के आखिर में हुई, जब कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। इसके बाद कई बार लोहगढ़ किले पर जाने की कोशिश हुई। जांच में दावा किया गया है कि 14 जून को भी एक प्रयास किया गया था, लेकिन केतन बच गया। उस समय उसे बताया गया कि उसे सांप से बचाने के लिए धक्का दिया गया था।
सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि 18 जून को केतन को प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने फिर से लोहगढ़ किले पर बुलाया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वहीं पर उसे पहाड़ी से धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में जुटाए गए सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- Monsoon 2026 : लैंडस्लाइड से 49 सड़कें प्रभावित, कई गाड़ियां मलबे में दबी, लखनऊ में घरों में पानी घुसा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









