18 Crore Bank Loan Fraud : दिल्ली के विवेक विहार इलाके से एक बड़ा जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला की संपत्ति का इस्तेमाल कर करीब 18 करोड़ रुपये का बैंक लोन हड़प लिया गया। मामले में दो शातिर आरोपियों पर गंभीर आरोप हैं, जिनमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।
फ्लैट खाली कर चले गए
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय उषा रानी सेठी ने कुछ नए फ्लैट्स खरीदे थे और उन्हें किराए पर देने की योजना थी। इसी दौरान सचिन और संजय नाम के दो व्यक्ति उनके संपर्क में आए और खुद को व्यवसायी बताते हुए फ्लैट किराए पर ले लिए। दोनों ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में रेंट एग्रीमेंट भी दर्ज कराया और कुछ समय बाद बिना किसी सूचना के फ्लैट खाली कर चले गए।
18 करोड़ रुपये का लोन लिया
कुछ महीनों बाद मामला तब सामने आया जब पीड़िता के पास बैंक लोन और बकाया किस्तों से जुड़े नोटिस पहुंचे। इसके बाद जांच में खुलासा हुआ कि उनकी संपत्ति के नाम पर फर्जीवाड़ा कर पंजाब एंड सिंध बैंक से 70 लाख रुपये ही नहीं बल्कि अलग-अलग कंपनियों के जरिए कुल 18 करोड़ रुपये का लोन लिया गया है।
पीड़िता से मेल खाता पैन कार्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए। ओडिशा से एक अन्य महिला के नाम वाला पैन कार्ड हासिल किया गया, जो पीड़िता से मेल खाता था। इसके बाद एक अन्य महिला को पैसे देकर फर्जी मालिक के रूप में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय भेजा गया, जहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर संपत्ति का ट्रांसफर करा लिया गया।
भारी लोन और ओवरड्राफ्ट सुविधा
मालिकाना हक अपने नाम होने के बाद आरोपियों ने कंपनी के नाम पर बैंक से भारी लोन और ओवरड्राफ्ट सुविधा हासिल की और रकम को कई शेल कंपनियों के जरिए घुमाकर निकाल लिया।
कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
मामले की दोबारा जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने शुरू की, जिसमें कई पुराने रिकॉर्ड और आरोपियों की गतिविधियों का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी पुलिस हिरासत से भाग चुका है।
मामले की आगामी जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने आरोपी संजीव दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सचिन की तलाश जारी है। EOW की टीम लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच चल रही है।
ये भी पढ़ें- यूपी में मानसून का कहर! 25 शहरों में भारी बारिश, 55 जिलों में अलर्ट, तीन फीट पानी में डूबी सड़कें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








