UP Monsoon 2026 : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह से प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर सहित लगभग 25 शहरों में बारिश दर्ज की गई। वहीं कानपुर, आगरा और मथुरा समेत कई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बारिश से खेतों में पानी भरा
बिजनौर में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जहां सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया और लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। ललितपुर में भारी बारिश के चलते रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। बदायूं में बारिश से खेतों में पानी भर गया, जबकि फतेहपुर में तेज हवाओं के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया।
कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। करीब 55 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इससे पहले मंगलवार को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया था, जिसके बाद पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना
विभाग ने बताया कि मानसून इस बार करीब 19 दिनों तक यूपी-बिहार सीमा पर रुका रहा और अब इसकी रफ्तार तेज हो गई है। अगले 24 घंटों में प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना है। सामान्यतः मानसून 20 जून तक यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसमें लगभग 10 दिनों की देरी हुई है।
इसी बीच मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बच्चों को कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक, गांव गागन वाली मैनाठेर के वार्ड नंबर-11 में सुबह करीब 11 बजे मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए सभी लोग पास के पेड़ के नीचे चले गए, जहां बिजली गिरने से संतराम सैनी और विनीता की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- महेश भट्ट की थिएटर में धमाकेदार वापसी, नई कहानी से करेंगे दिलों पर राज, ‘वो सुबह हम ही से आएगी’ का प्रीमियर तय
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









