UP News : उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से अयोध्या को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य में सरकार बनाने का संकल्प जताया है.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद अयोध्या को ऐसी धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव मिल सके.
अखिलेश के बयान से सियासी हलचल तेज
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि अयोध्या के धार्मिक महत्व और आस्था को ध्यान में रखते हुए इसे ‘सियाराम-धाम’ के रूप में विकसित करने का काम किया जाएगा. साथ ही उन्होंने अयोध्यावासियों के परंपरागत गौरव और अधिकारों को फिर से स्थापित करने की बात भी कही.
अखिलेश यादव का यह बयान उस समय आया है, जब अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं. इस घोषणा के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
राम मंदिर मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा
वहीं, राम मंदिर मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही साफ कर चुके हैं कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने विपक्ष से इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील भी की है.
ये भी पढ़ें- भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा उछाल! GDP अनुमान बढ़ा, जानिए पूरी रिपोर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









