खेल

भारत बनाम आयरलैंड T20, जानिए कब और कहां खेला जाएगा पहला मुकाबला

IND vs IRE : T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब अपने अगले बड़े मिशन की तैयारी में जुट गई है। टीम का फोकस अब 2028 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर है, जहां पहली बार क्रिकेट को टी20 फॉर्मेट में शामिल किया जाएगा।

इसी तैयारी की शुरुआत भारत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में मेजबान आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से करने जा रहा है। इस दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने काफी युवा और नई टीम पर भरोसा जताया है।

श्रेयस अय्यर के हाथ टीम की कमान

टीम में कई अहम बदलाव देखने को मिल रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव खराब फॉर्म के चलते न सिर्फ कप्तानी से हटाए गए हैं बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह आईपीएल में अपनी कप्तानी से पहचान बनाने वाले श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई है।

गेंदबाज हर्षित राणा पर रहेंगी नज़रें

टीम में अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, ईशान किशन और संजू सैमसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं कई युवा चेहरों को भी मौका मिला है। इसमें 15 साल की उम्र में आईपीएल ऑरेंज कैप जीतकर सुर्खियां बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी, सुयांश शेडगे और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू कर चुके प्रिंस यादव जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा पर भी सभी की नजरें रहेंगी।

कुछ मैचों में मिला कप्तानी का अनुभव

आयरलैंड की टीम भी इस सीरीज में नए नेतृत्व के साथ उतर रही है। 2025 से उपकप्तान रहे विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर को टीम का नया टी20 कप्तान बनाया गया है। इससे पहले उन्हें कुछ मैचों में कप्तानी का अनुभव मिल चुका है। आयरलैंड ने भी अपनी टीम में मैथ्यू हॉलार्ड, जय मूंदड़ा और रूबेन विल्सन जैसे नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। खास बात यह है कि जय मूंदड़ा मूल रूप से राजस्थान, भारत के रहने वाले हैं, जो पढ़ाई और क्रिकेट के सपने के साथ 2021 में आयरलैंड चले गए थे।

इतने बजे खेला जाएगा मैच

भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला 26 जून को और दूसरा मैच 28 जून को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में शाम 6 बजे से खेला जाएगा।

यहां देख सकेंगे मैच

इस सीरीज का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक इसे सोनी स्पोर्ट्स 1, सोनी स्पोर्ट्स 3 (हिंदी) और सोनी स्पोर्ट्स 5 (अंग्रेजी) समेत क्षेत्रीय चैनलों पर देख सकेंगे। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

ये भी पढ़ें- अमेरिका में मचा सियासी तूफान, ईरान नीति पर संसद में बवाल, ट्रम्प ने करोड़ों की फंडिंग मांगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button