Uttar Pradeshराजनीति

​उत्तर प्रदेश में ‘SIT का झुंझुना’ थमाकर लीपा-पोती कर रही है योगी सरकार, अग्निकांड और चंदा चोरी पर ठोस कार्रवाई करे डबल इंजन सरकार- संजय सिंह

Uttar Pradesh : आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड और अयोध्या में प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण में हो रहे कथित भ्रष्टाचार व चोरी को लेकर डबल इंजन सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

अलीगंज अग्निकांड: ‘एसआईटी’ सिर्फ लीपा-पोती का जरिया

​संजय सिंह ने लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा, “जिस कंप्यूटर सेंटर की बिल्डिंग में आग लगी, उसे ध्वस्त करने का आदेश 2016 में ही हो चुका था। पिछले 10 वर्षों में से साढ़े नौ साल तो सूबे में योगी आदित्यनाथ जी की सरकार है, फिर यह अवैध और जर्जर बिल्डिंग कैसे खड़ी रही? किसके संरक्षण में इसे चलाया जा रहा था, इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।”
​सांसद ने फायर डिपार्टमेंट की बदहाली पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब लोग दमकल विभाग को फोन कर रहे थे, तो समय पर कोई गाड़ी नहीं पहुंची। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक हर अग्निकांड के बाद केवल जांच का नाटक होता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि-

1.​उत्तर प्रदेश के पूरे फायर डिपार्टमेंट की समीक्षा की जाए, विभाग का बजट बढ़ाया जाए और उन्हें आधुनिक उपकरण, पाइप व गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएं।

​दोषी अधिकारियों पर निलंबन (सस्पेंशन) जैसी रस्म अदायगी के बजाय सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।

2.​मृतकों के परिजनों को दिया जा रहा 2-2 लाख और 5-5 लाख रुपये का मुआवजा एक क्रूर मजाक है। अडानी जैसे मित्रों पर दौलत लुटाने वाले प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पीड़ितों को पर्याप्त सम्मानजनक मुआवजा दें।

3.​संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने इस हादसे में घायल हुई बेटी लवप्रीत से अस्पताल में मुलाकात की है, जिसने बताया कि आग नीचे से इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका नहीं मिला। वहीं एक अन्य घायल बच्चा जयंत इस समय आईसीयू में भर्ती है।

राम मंदिर में चंदा चोरी और दान की वस्तुओं का गबन

​प्रेसवार्ता के दूसरे हिस्से में संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट और भाजपा नेताओं पर करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “प्रभु श्री राम के मंदिर में कोई सामान्य चोरी नहीं हुई है। चंपत राय और ट्रस्ट के लोगों ने यह चोरी सीधे तौर पर ‘ईडी (ED) पार्टी’ यानी भाजपा के लिए की है। जमीनों की खरीद के लिए मोदी जी के प्रतिनिधि रहे ज्ञानेश कुमार के रहते हुए जमीनों के दाम कई गुना बढ़ाकर घोटाले किए गए।

​सांसद संजय सिंह ने साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि:

​2 करोड़ की जमीन को ₹18.5 करोड़ में खरीदा गया।

​3 करोड़ की जमीन को ₹24 करोड़ में खरीदा गया।

​9 करोड़ की जमीन को ₹55 करोड़ 47 लाख में खरीदा गया।

​इसके अलावा, ज्वैलर्स एसोसिएशन और सिंधी समाज द्वारा भगवान को अर्पित की गई 200 किलो चांदी (कीमत लगभग 7 करोड़), बहुमूल्य हार, और संतोष दुबे द्वारा बताई गईं 1260 सोने-चांदी की शिलाएं व प्रभु की पादुकाएं तक गायब कर दी गईं। उन्होंने तंज कसा कि जिस प्रकार राजा भरत ने प्रभु की पादुकाएं रखकर 14 वर्ष शासन किया था, भाजपा ने उन पवित्र पादुकाओं को ही चोरी कर लिया।

​’न राम के लिए, न काम के लिए’- एसआईटी पर साधा निशाना

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “15 दिन इंतजार करने और एसआईटी को साक्ष्य सौंपने” के बयान पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा, “मैंने 20 जून को ही एसआईटी के अध्यक्ष विजय विश्व पंत और सदस्य किरण (आईजी लखनऊ रेंज) को पत्र व आधिकारिक ईमेल भेजकर सुल्तान अंसारी और आलोक बंसल से जुड़ी जमीनों के घपले के साक्ष्य सौंपने के लिए समय मांगा था।

आज 23 तारीख हो गई, लेकिन चोरों को बचाने में जुटी एसआईटी ने साक्ष्य लेने तक की जहमत नहीं उठाई। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सीधे संजय प्रसाद (जो खुद एक्स-ऑफिसियो मेंबर हैं) को सौंप दी है, जिससे साफ है कि इसमें पूरी तरह लीपा-पोती कर दी गई है। यह एसआईटी न राम के लिए है, न काम के लिए; यह केवल चंदा चोरों को बचाने के लिए है।

25 जून को अयोध्या पहुंचेंगे अरविंद केजरीवाल

​प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने जानकारी दी कि प्रभु श्री राम का आशीर्वाद लेने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आगामी 25 जून को लखनऊ पहुंच रहे हैं।

​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अरविंद केजरीवाल 25 जून की रात अयोध्या में विश्राम करेंगे। इसके बाद, 26 जून को सुबह लगभग 11:00 बजे वह प्रभु श्री राम लला के दर्शन करेंगे, हनुमानगढ़ी में बजरंगबली की आरती में शामिल होंगे और तदुपरांत वहां के पूज्य संत-महात्माओं से आशीर्वाद लेकर मीडियाकर्मियों से वार्ता करेंगे।

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button