Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना फिल्लौर, जिला जालंधर में तैनात सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
यह जानकारी साझा करते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को मोहल्ला चौधरियां, फिल्लौर, जिला जालंधर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
मोबाइल वापस करने के लिए मांगी रिश्वत
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके पुत्र को एक नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार किया गया था और आरोपी एसआई ने जमानत दिलाने में मदद करने, कम मात्रा में नशीले पदार्थ दिखाकर मामला दर्ज करने तथा उसका मोबाइल फोन वापस करने के लिए 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी. मजबूरनवश शिकायतकर्ता ने पहले ही 1,000 रुपये रिश्वत के तौर पर दे दिए थे. शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित पूरी बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी.
विजिलेंस ब्यूरो ने रिश्वत लेते पकड़ा
अवैध रिश्वत देने के लिए तैयार न होने के कारण शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया. उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एसआई को शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से दागी मुद्रा नोट भी बरामद किए गए.
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- यमुनानगर में 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









