Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार को भी क्षेत्र में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में थोड़े समय के लिए तेज बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया.
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री कम रहा. इससे एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस था. वहीं, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रहा। सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था.
बारिश और आंधी से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिली. इस दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में भी कमी आई. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जो कुछ समय के लिए 46 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गईं.
आसमान में बादल छाए रहने की संभावना
IMD ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह या दोपहर के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और आंधी आने का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
नए पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ असर डाल सकता है. अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
AQI ‘मॉडरेट’ श्रेणी में बना रहा
IMD के अनुमान के मुताबिक, गुरुवार को तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और 20 से 22 जून के बीच 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार दर्ज किया गया है. मंगलवार को AQI 116 रहा, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में है, जबकि सोमवार को यह 151 दर्ज किया गया था.
ये भी पढ़ें – अयातुल्ला अली खामेनेई को दफन करने की तारीख का ऐलान, 4 जुलाई से शुरु होगी प्रक्रिया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








