Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को चौंका दिया. आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर सड़क किनारे लगे छोटे पेड़ गिर गए. कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, द्वारका और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई. बारिश के चलते कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी अच्छी बारिश हुई. एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिला. सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और उमस बनी हुई थी. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
दिन के समय तेज धूप से लोग रहे परेशान
पिछले कई दिनों से दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही थी. दिन के समय तेज धूप निकल रही थी और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा था. मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर समेत कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी.
हल्की से मध्यम बारिश ने दी गर्मी से राहत
इस बीच, हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के प्रभाव से सोमवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. सोमवार को दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के बड़े हिस्सों में धूलभरी आंधी चली थी. वहीं, दिल्ली के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई थी.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक ऐसा मौसम बने रहने की संभावना है, हालांकि इसकी रफ्तार धीरे-धीरे कम हो सकती है. हवा में नमी बने रहने के कारण फिलहाल तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं. इसके बाद तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की जा सकती है.
ये भी पढ़ें – जयपुर में CJP प्रदर्शन के दौरान हंगामा, संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने मारा थप्पड़
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









