Begusarai Road Accident: बिहार के बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की मौत हो गई है. बताया गया है कि तेज रफ्तार कार एक ट्रक से जा टकराई, जिससे कार में सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
यह दुर्घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 के पास हुई. मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है. वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है.
अनियंत्रित कार ट्रक में घुसी
मिली जानकारी के अनुसार, सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही वाहन से मधेपुरा लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, थाना प्रभारी नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
उपचार के दौरान साजन पासवान ने तोड़ा दम
वहीं, थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. तीन पुलिस अधिकारियों और चालक की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.
हादसे के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, उन्होंने बताया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ. दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें मधेपुरा जिले में तैनात तीन थाना प्रभारी और वाहन चालक शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, वाहन पटना से मधेपुरा जा रहा था और रास्ते में ट्रक के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








