Delhi Fire News : दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला तुगलकाबाद क्षेत्र का है, जहां गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई. हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि धुएं की चपेट में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई.
दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां तुगलकाबाद स्थित गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
मकान के भीतर खड़े वाहनों में लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान के भीतर खड़े वाहनों में आग लगी थी. आग से उठे धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए. दमकलकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और सुबह तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.
सुबह 3:45 बजे आग पर काबू
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 3:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया था. इसके बाद भी भवन के भीतर फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी रखा गया. सुबह 4 बजे तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया.
पार्किंग एरिया से शुरू हुई आग
एडीओ यशवंत मीणा के अनुसार, भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी 3 स्कूटी, 2 मोटरसाइकिल और 1 साइकिल आग की चपेट में आ गई थीं. इसके बाद धुआं और आग ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक फैल गई.
कई मंजिलों को पहुंचा नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और ये हिस्से पूरी तरह जल गए. वहीं अन्य मंजिलों पर भी आग का असर देखा गया, जिससे आंशिक क्षति हुई.
बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मी इमारत की छत तक पहुंचे. छत के गेट का ताला काटकर टीम अंदर दाखिल हुई और वहां फंसी दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में उन्हें CATS और PCR की मदद से अस्पताल भेजा गया.
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








