Punjab News : प्रदेश में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 139वें दिन पंजाब पुलिस ने प्रदेश भर में गैंगस्टरों के साथियों द्वारा पहचाने गए और मैप किए गए 469 स्थानों पर छापेमारी की.
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ – पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग है, जो 20 जनवरी, 2026 को पुलिस डायरेक्टर जनरल (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें प्रदेश भर में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं.
कार्रवाई में 2 फरार अपराधी भी गिरफ्तार
139वें दिन पुलिस टीमों ने एक हथियार सहित 263 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियां 35,076 हो गईं.
इसके अलावा 69 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 24 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 2 फरार अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है.
गुप्त रूप से अपराधियों की सूचना देने की सुविधा
लोग, एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं.
464 दिनों में 67,295 तस्कर गिरफ्तार
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपने अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ को 464वें दिन भी जारी रखते हुए 81 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 373 ग्राम हेरोइन, 2.2 किलो गांजा, 256 नशीली गोलियां और 7.92 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई. इससे केवल 464 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 67,295 हो गई है. नशा छुड़ाऊ अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने तीन व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास का इलाज करवाने के लिए राजी किया है.
ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









