Delhi NCR Weather : देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम का रुख इन दिनों बदलता हुआ नजर आ रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरणों के असर से आज दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलता मिज़ाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
कई स्थानों पर तापमान सामान्य
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से कम (-3.1 से -5.0 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाएं 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि झोंकों के साथ यह गति 37 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।
तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार के लिए IMD ने अनुमान जताया है कि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आसमान में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रह सकते हैं और कुछ समय के लिए गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी है।
60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं
इसके अलावा हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रहने और झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। IMD के अनुसार, अगले 5 से 6 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा।
लोगों को सतर्क रहने की आशंका
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि तेज हवाओं व बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि इस दौरान दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के मुकुंदपुर में भीषण सिलेंडर ब्लास्ट, इमारत ढही, कई लोगों को अस्पताल में कराया भर्ती
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









