मौसम

नौतपा का कहर: 25 मई से 2 जून तक झुलसाएगी भीषण गर्मी, हीटवेव को लेकर अलर्ट

Nautapa 2026 Date : दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है. मंगलवार को नई दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे हालात और ज्यादा गर्म महसूस किए गए. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. इसी बीच केंद्र सरकार की ओर से हीटवेव को लेकर पहले ही चेतावनी और एडवाइजरी जारी की जा चुकी है.

इसी दौरान 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो 2 जून तक जारी रहेगा. इन नौ दिनों को भीषण गर्मी का दौर माना जाता है, जब धरती पर तपिश अपने चरम पर पहुंचती है और लू चलने की संभावना बढ़ जाती है.

मानसून और कृषि चक्र से जुड़ा महत्व

मान्यताओं के अनुसार ‘नौतपा’ उन नौ दिनों की अवधि को कहा जाता है जब गर्मी अत्यधिक तीव्र होती है. ज्योतिषीय मान्यता के मुताबिक ज्येष्ठ महीने में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर सूर्य की किरणें पृथ्वी पर अधिक सीधी और तीव्र रूप से पड़ती हैं, जिससे तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला जाता है.

हालांकि नौतपा को केवल गर्मी का समय ही नहीं माना जाता, बल्कि इसे मानसून और कृषि चक्र से भी जोड़कर देखा जाता है. परंपरागत मान्यता के अनुसार इस अवधि में जितनी अधिक गर्मी और शुष्कता रहती है, उतनी ही बेहतर और लंबी बारिश की संभावना मानी जाती है. कहा जाता है कि इस दौरान बढ़ी हुई गर्मी समुद्री जल को प्रभावित करती है, जिससे बादलों के बनने की प्रक्रिया में तेजी आती है और खरीफ फसलों के लिए अनुकूल वर्षा की संभावना बनती है.

नौतपा के दौरान धार्मिक आचरण और परंपराएं

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रोहिणी नक्षत्र का संबंध चंद्रमा से बताया गया है. ऐसे में सूर्य की प्रचंड उपस्थिति के बीच चंद्रमा की शीतलता का प्रभाव कम हो जाता है, जिसके कारण इन दिनों गर्मी अधिक महसूस होती है.

परंपरागत ग्रंथों में नौतपा के दौरान कुछ धार्मिक नियमों और आचरण की भी सलाह दी गई है. इसमें सूर्य देव की आराधना करने, उन्हें जल अर्पित करने तथा तांबे के लोटे में चावल, गुड़, रोली और लाल फूल डालकर अर्पण करने की परंपरा का उल्लेख मिलता है.

ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button