Haryanaराज्य

घरेलू विवाद से तंग आकर दंपति ने की आत्महत्या, बहू और उसके परिवार पर उकसाने का आरोप

Haryana News : हरियाणा के पानीपत में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपति ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी. बताया जा रहा है कि वे अपनी बहू के साथ लगातार चल रहे विवादों से मानसिक रूप से परेशान थे. घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 46 वर्षीय राजेश और उनकी 44 वर्षीय पत्नी सुमन के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि उनके इकलौते बेटे आशीष की शादी जनवरी 2025 में दिल्ली के नवादा इलाके की रहने वाली स्नेहा से हुई थी. यह रिश्ता पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ था और करीब दो साल की जान-पहचान के बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी हुई थी.

पहनावे और रील्स को लेकर विवाद

परिवार का कहना है कि शादी के कुछ ही समय बाद घर में तनाव और झगड़े शुरू हो गए थे. आरोप है कि बहू के पहनावे और सोशल मीडिया पर रील्स बनाने को लेकर अक्सर विवाद होते थे, जिन पर ससुराल पक्ष को आपत्ति थी. ये छोटे-मोटे मुद्दे धीरे-धीरे बड़े झगड़ों का कारण बन गए.

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि बहू को पब और बार जाने की आदत थी, जिसे लेकर भी घर में तनाव बना रहता था. जब भी उसे रोकने की कोशिश की जाती, तो विवाद और बढ़ जाते थे. इसके अलावा यह भी आरोप है कि बहू के परिवार की ओर से फोन पर धमकियां दी जाती थीं.

जहर खाने से पहले भाई को फोन कर रोया

मृतक राजेश के बड़े भाई रमेश वर्मा के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले राजेश ने उन्हें फोन किया था और रोते हुए अपनी परेशानी बताई थी, उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि वह अब बहुत परेशान हैं और जहर खाने की बात कही थी. इसके कुछ ही समय बाद परिवार को इस घटना की जानकारी मिली.

दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां सुमन को मृत घोषित कर दिया गया. गंभीर हालत में राजेश को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.

खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप

इस मामले में मतलौडा थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत पर बहू स्नेहा और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button