मौसम

IMD अलर्ट: 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी, दिल्ली से बिहार तक मौसम बिगड़ने की संभावना

IMD Alert : देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 मई को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कुल 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की है. कई क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी चलने का पूर्वानुमान है. दिल्ली के सभी प्रमुख जिलों नई दिल्ली, मध्य, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जो कुछ समय के लिए बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

वहीं, बिहार के कई हिस्सों में मौसम अधिक प्रभावित रहने की संभावना है. पश्चिमी चंपारण, गया, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज सहित कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. इन क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पहाड़ी और अन्य राज्यों का मौसम

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं. नैनीताल, देहरादून, चमोली और पिथौरागढ़ में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा और चंबा में भारी बारिश और तूफानी हालात की चेतावनी जारी की गई है.

इसके अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. राजस्थान के जयपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि भोपाल में गर्मी के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button