Delhi NCRबड़ी ख़बर

‘सब भारतीयों में महादेव का DNA है’, जामिया VC प्रोफेसर मजहर आसिफ का बयान वायरल, मचा सियासी बवाल

Delhi News : राजधानी नई दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। इस बार वजह बना है विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ का एक बयान, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब सियासी बहस का मुद्दा बन चुका है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का था कार्यक्रम

दरअसल, मंगलवार को कैंपस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा ‘युवा कुंभ’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में जामिया के वीसी प्रोफेसर मजहर आसिफ भी शामिल हुए और उन्होंने मंच से संबोधन दिया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने भारत की विविधता और एकता पर जोर देते हुए कहा कि देश में अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराएं होने के बावजूद हम सभी भारतीय एक हैं।

‘हमारे डीएनए में महादेव का डीएनए है’

इसी दौरान उन्होंने एक ऐसा बयान दिया, जिसने विवाद को जन्म दे दिया। उन्होंने कहा, “हम भारतीय इसलिए हैं क्योंकि हमारे डीएनए में महादेव का डीएनए है।” उनके इस बयान को लेकर अब अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक एकता का संदेश बता रहे हैं, तो कुछ इसे विवादित और असंवेदनशील करार दे रहे हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने सनातन संस्कृति की भी प्रशंसा की और कहा कि यह संस्कृति सबके हित की बात करती है। उन्होंने भगवान महादेव के परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह अलग-अलग स्वभाव और प्रकृति वाले जीव एक साथ रहते हैं। उन्होंने समझाया कि महादेव के परिवार में सांप, चूहा, शेर, मोर जैसे जीव होते हुए भी आपसी संतुलन बना रहता है, जो सह-अस्तित्व और एकता का प्रतीक है।

हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर कैंपस में विरोध भी देखने को मिला। एनएसयूआई समेत कई छात्र संगठनों ने RSS के इस आयोजन का विरोध किया। विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

फिलहाल अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और VC के बयान को लेकर राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें : इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, मचा हड़कंप, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button