Delhi NCR

अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया सलीम डोला इस्तांबुल में गिरफ्तार, लाया गया भारत, दाऊद इब्राहिम से जुड़े हैं तार

Delhi News : अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के बड़े नाम और दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला को तुर्किये की सुरक्षा एजेंसियों ने इस्तांबुल में एक बड़ी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बाद में उसे भारत लाया गया।

लंबे समय से फरार था सलीम डोला

जानकारी के अनुसार, तुर्किये की खुफिया एजेंसी एमआईटी और इस्तांबुल पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे बेयलिकदुजू इलाके से पकड़ा। सलीम डोला लंबे समय से फरार चल रहा था और कथित तौर पर दुबई से अपने ड्रग नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

ड्रग कारोबार से जुड़े अवैध धन की जांच

भारत में उसके खिलाफ पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर रखा है। अक्टूबर 2025 में ईडी ने मुंबई में आठ ठिकानों पर छापेमारी की थी, जो ड्रग कारोबार से जुड़े अवैध धन की जांच का हिस्सा थी। जांच में यह भी सामने आया था कि फैसल जावेद शेख और उनकी पत्नी अल्फिया फैसल शेख, सलीम डोला के नेटवर्क के जरिए एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) की खरीद-फरोख्त से जुड़े थे।

डी-कंपनी नेटवर्क का अहम सदस्य

सूत्रों के मुताबिक, सलीम डोला को दाऊद इब्राहिम के डी-कंपनी नेटवर्क का अहम सदस्य माना जाता है। उसका परिवार भी पहले मुंबई में इसी नेटवर्क से जुड़ा रहा है। बाद में वह दुबई शिफ्ट होकर सिंथेटिक ड्रग्स के अंतरराष्ट्रीय कारोबार का संचालन करने लगा।

2025 में सहयोगी को लाया गया था भारत

इससे पहले भी उसके नेटवर्क पर कई कार्रवाई हो चुकी हैं। मुंबई पुलिस और एनसीबी ने उसके कई सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। अक्टूबर 2025 में उसके सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से भारत लाया गया था, जबकि नवंबर 2025 में उसके बेटे समेत परिवार के चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

डी-कंपनी के कई बड़े राज उजागर

एनसीबी ने सलीम डोला पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट और डी-कंपनी के कई बड़े राज उजागर हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियों का ऐलान, लखनऊ में 936 रेडियो ऑपरेटरों को मिले नियुक्ति पत्र

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button