Uttar Pradesh

यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियों का ऐलान, लखनऊ में 936 रेडियो ऑपरेटरों को मिले नियुक्ति पत्र

UP News : लखनऊ में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। इनमें होमगार्ड, पुलिस और दरोगा के पद शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के 936 रेडियो ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

खिलाड़ियों को पुलिस सेवा में किया गया शामिल

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की गई है, जो एक रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों में इतनी बड़ी पुलिस बल संख्या भी नहीं है। इसके साथ ही 500 से अधिक खिलाड़ियों को भी पुलिस सेवा में शामिल किया गया है।

सही नीयत और स्पष्ट नीति से परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में प्रशिक्षण क्षमता सीमित थी और एक बार में केवल 3,000 जवानों को ही ट्रेनिंग दी जा सकती थी, लेकिन अब व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है। वर्ष 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती हुई और सभी को एक साथ प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि सही नीयत और स्पष्ट नीति से बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

यूपी पुलिस सबसे बड़ी सिविल पुलिस

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में 60 हजार सिपाहियों की पासिंग आउट परेड हुई, जिसके बाद वे अब फील्ड में तैनात हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस है, जो 25 करोड़ से अधिक आबादी की सेवा कर रही है।

योग्यता, आरक्षण नियमों और क्षमता का आधार

सीएम योगी ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई है और किसी भी अभ्यर्थी को न तो सिफारिश की जरूरत पड़ी और न ही किसी तरह की लेन-देन की। चयन पूरी तरह योग्यता, आरक्षण नियमों और क्षमता के आधार पर हुआ है।

महिला पुलिस बटालियन का हुआ विस्तार

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कई जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थीं और थानों की स्थिति भी खराब थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आज आधुनिक मॉडल थाने, हाईराइज बैरक, नए फायर स्टेशन और स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। महिला पुलिस बटालियन और एसडीआरएफ का भी विस्तार हुआ है।

आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका

सीएम ने कहा कि पुलिस बल केवल कानून व्यवस्था ही नहीं संभाल रहा, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कानून का राज निवेश और विकास की सबसे बड़ी गारंटी है।

ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी कार्यक्रम में मौजूद अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नौकरी केवल रोजगार नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने पर समाज में सम्मान स्वतः मिलता है।

ये भी पढ़ें- Delhi News : केजरीवाल का सत्याग्रह, राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को किया नमन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button