Odisha : ओडिशा के क्योंझर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. सोचिए, अगर किसी को अपने ही परिवार के पैसे निकालने के लिए इतना मजबूर होना पड़े कि वो कब्र खोदकर कंकाल बैंक लेकर पहुंच जाए. ये अजीबोगरीब और विचलित करने वाली घटना पटना ब्लॉक के मलीपोसी स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक की शाखा में घटी. जहां एक आदिवासी व्यक्ति को अपनी मृत बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए बेहद कठिन हालात का सामना करना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय जीतू मुंडा दियानली गांव का रहने वाला है. वह अपनी बड़ी बहन कालरा मुंडा के बैंक खाते से 20,000 रुपये निकालना चाहता था. कालरा की मृत्यु 26 जनवरी 2026 को हो गई थी. बहन की मृत्यु के बाद घर की जरूरतों के लिए जीतू को उन पैसों की सख्त जरूरत थी.
गरीब जीतू को बैंक कर्मी करते रहे परेशान
अनपढ़ और गरीब जीतू मुंडा ने बताया कि वह कई बार बैंक के चक्कर लगा चुका था. हर बार बैंक कर्मचारी उससे कहते कि खाताधारक को साथ लेकर आओ, तभी पैसे मिलेंगे. जीतू ने कई बार समझाया कि उसकी बहन की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन बैंक कर्मियों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और प्रक्रिया के नाम पर उसे परेशान करते रहे.
कब्र खोदकर निकाला कंकाल
आखिरकार हताशा और मजबूरी में जीतू ने ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. उसने अपनी बहन की कब्र खोदी, उसका कंकाल निकाला और उसे एक चादर में लपेटकर बैंक पहुंच गया, ताकि वह यह साबित कर सके कि उसकी बहन अब जीवित नहीं है. बैंक में कंकाल देखकर हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा दफनाया गया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने बताया कि जीतू एक निरक्षर व्यक्ति है जिसे नॉमिनी या कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी. बैंक कर्मचारी भी उसे सही तरीके से समझाने में नाकाम रहे. बाद में पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा दफनाया गया.
बैंक सूत्रों के अनुसार, खाते में दर्ज नॉमिनी की भी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिससे जीतू ही इकलौता दावेदार बचा था. स्थानीय प्रशासन ने अब आश्वासन दिया है कि उसे उसके हक के पैसे दिलाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें : केदारनाथ धाम यात्रा में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, भक्तों में भारी उत्साह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









