Pune Accident : पुणे जिले के पुरंदर तालुका से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक मशरूम उत्पादन इकाई में काम करने वाले तीन मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई. यह हादसा रविवार देर शाम बेलसर गांव स्थित एक निजी कंपनी में हुआ, जो जेजुरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में बने एक ड्रेनेज टैंक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ. सबसे पहले एक कर्मचारी टैंक के अंदर सफाई के लिए उतरा था, लेकिन काफी समय तक वह बाहर नहीं आया. उसे देखने और बचाने के इरादे से दो अन्य सहकर्मी भी टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके.
बचाव के प्रयासों के बाद भी नहीं बची जान
स्थिति गंभीर होते देख अन्य कर्मचारियों ने शोर मचाया और मदद के लिए स्थानीय लोगों को बुलाया गया. तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया और अर्थमूवर की मदद से टैंक का ऊपरी ढांचा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
तीनों मृतक यूपी के देवरिया के रहने वाले
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जमा जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी जान चली गई. मृतकों की पहचान 23 वर्षीय पिंटू राजेश प्रसाद, 22 वर्षीय व्यास सोहम कुमार और 36 वर्षीय गौतम रामसुरन कुशवाहा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे.
पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था या नहीं. शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Case : ऑनलाइन गेमिंग और अश्लील लत में डूबा आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









