Punjab News : पंजाब को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए राज्य स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुल 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि यह गिरोह सीमा पार से नशे की तस्करी कर रहा था। इस कार्रवाई को नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है।
मारुति स्विफ्ट कार को किया गया जब्त
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सरवन सिंह उर्फ गुज्जर (गांव आवान वासऊ, अमृतसर) और शमशेर सिंह उर्फ शेरा (गांव डायल रंगड़, अमृतसर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा, नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनकी मारुति स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया गया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इस तस्करी गिरोह के संबंध पाकिस्तान में बैठे तस्करों और पुर्तगाल में मौजूद एक हैंडलर से जुड़े हुए हैं।
पाकिस्तान से जुड़े हैं तार
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के संबंध कुख्यात पाकिस्तान स्थित तस्कर मूसा के नेटवर्क से भी जुड़े पाए गए हैं। मूसा का नाम पहले भी 532 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में सामने आ चुका है। गौरतलब है कि वर्ष 2019 में भारतीय कस्टम विभाग ने अटारी स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) पर 532 किलोग्राम हेरोइन की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी की थी।
सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई
डीजीपी ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के पीछे और आगे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं, ताकि पूरे तस्करी गिरोह का खुलासा किया जा सके। एआईजी SSOC अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि उन्हें एक पक्की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पता चला कि संदिग्ध सरवन सिंह और शमशेर सिंह ने कुछ दिन पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप हासिल की थी।
64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की
उन्होंने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी अपने हैंडलरों के निर्देश पर हेरोइन की खेप किसी और व्यक्ति को देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान SSOC अमृतसर की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें अमृतसर के महल बाइपास के पास रोक लिया और उनके पास से 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर ली।
मामले की आगामी जांच में होगी और गिरफ्तारियां
एआईजी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को उनके हैंडलरों द्वारा मोटे पैसे देने का लालच दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और और भी बरामदगी होने की संभावना है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर नंबर 23, दिनांक 17.04.2026 को दर्ज की गई है। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 तथा भारतीय वायुयान अधिनियम की धारा 25, 26, 27, 28 और 29 के तहत दर्ज किया गया है। यह एफआईआर एसएसओसी अमृतसर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- मां की सांसों के लिए जंग, ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना बनी बेटे की सबसे बड़ी ताकत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









