Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में लगी भीषण आग से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदना पड़ा. इस घटना में कुल 7 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें एक संविदा कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी धुएं और आग के बीच बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 7 अप्रैल को पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 के STG-4 टर्बाइन में अचानक आग लगने से हुआ. देखते ही देखते टर्बाइन हॉल धुएं से भर गया और आग की लपटें दूर से ही नजर आने लगीं. कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए.
पाइप के सहारे नीचे उतरे कुछ कर्मचारी
आग लगते ही प्लांट के भीतर मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ कर्मचारियों ने पाइप के सहारे नीचे उतरने का रास्ता चुना. वहीं, कई को उनके साथियों ने सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की. इस दौरान करीब 10 कर्मचारी समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे.
सूचना मिलते ही संयंत्र की फायर टीम और फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया. तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 11:10 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया. इसके बाद इलाके को सुरक्षित करने के लिए कूलिंग का काम भी किया गया.
प्रबंधन ने दिए जांच के आदेश
सावधानी के तौर पर 2 स्थायी कर्मचारियों और 5 संविदा श्रमिकों को सेक्टर-9 अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. प्रबंधन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं. शुरुआती अंदेशा तकनीकी खराबी या ओवरहीटिंग का जताया जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही सामने आएगा.
इस हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









