Delhi Police : पूर्वी दिल्ली के पूर्वी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 45.760 किलोग्राम गांजा, लगभग 2,65,400 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और पैकिंग सामग्री जैसे प्लास्टिक पाउच, स्टेपलर और टेप बरामद हुए। अवैध बाजार में बरामद गांजे की कीमत लगभग 23 लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, एएनएस टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक गांजे को स्टोर कर पैकिंग कर रहे हैं और उसे सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने दो अप्रैल को छापामारी की। छापामारी के दौरान आरोपी गांजे की पैकिंग में पकड़े गए और चार प्लास्टिक बैग में रखा गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम (28), शशि गार्डन और मोनू उर्फ अभिषेक (25), शास्त्री मोहल्ला, पटपड़गंज के रूप में हुई है। उनके खिलाफ पांडव नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रिहायशी इलाकों में छिपाते हैं गांजा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे। वे दूसरे राज्यों से गांजा मंगाकर रिहायशी इलाकों में छिपाकर रखते और छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई करते थे, ताकि पकड़ में न आएं।
अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच जारी
डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य लिंक, सप्लाई चेन और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में BCA स्टूडेंट की सड़क दुर्घटना में मौत, परिवार का इकलौता बेटा था अभिषेक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









