
Chhatisgarh News : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महज 10 घंटों के भीतर जिले के चार थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई।
बड़ी मात्रा में गांजा और नशीली गोलियां जब्त
पुलिस ने इस अभियान में लगभग 686 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की। जब्त मादक पदार्थों और परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की कुल कीमत 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये आंकी गई है।
तस्करों ने अपनाए छल-प्रपंच, पुलिस ने नाकाम किया
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ‘पैकर्स एंड मूवर्स’ के ट्रक, ड्राई फ्रूट्स के कंसाइनमेंट, लग्जरी कारें, मोटरसाइकिल और यहां तक कि ट्रेन का सहारा लिया, लेकिन पुलिस के मजबूत सूचना तंत्र और सतर्कता के आगे उनकी योजना नाकाम रही।
13 तस्कर गिरफ्तार, विभिन्न राज्यों के निवासी
पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरणों में कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि अन्य 7 मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा के निवासी हैं।
सहयोगी एजेंसियों की भूमिका
महासमुंद पुलिस के इस अभियान में बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच ने महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
पिछले तीन महीनों का रिकॉर्ड
पिछले तीन महीनों में महासमुंद पुलिस ने 63 प्रकरणों में 4054 किलो (40 क्विंटल) से अधिक गांजा जब्त किया और 165 तस्करों को जेल भेजा।
‘जीरो टॉलरेंस‘ नीति पर आधारित अभियान
महासमुंद पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर आधारित है। इस नीति के तहत न केवल तस्करों को पकड़ा जा रहा है, बल्कि पूरे नेटवर्क सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक को निशाना बनाकर नष्ट किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें – पीएम मोदी ने दी उत्कल दिवस की बधाई, ओडिशा की संस्कृति और योगदान की सराहना भी की
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









