Rajasthan

राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते 7 जिलों में आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather : राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर के चलते आज प्रदेश के 7 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इस सिस्टम का असर अप्रैल के पहले सप्ताह तक जारी रहने का अनुमान है। सोमवार (30 मार्च) को इसका सबसे अधिक प्रभाव देखा गया।

कई जिलों में तेज बारिश

कोटा, नागौर और डीडवाना-कुचामन में ओले गिरने से तैयार फसलों को नुकसान पहुंचा। मौसम में बदलाव के कारण दिन का तापमान 6 डिग्री तक गिर गया। बीते 24 घंटे में कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिसमें कोटा में सबसे अधिक 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। अलवर के कोटकासिम में 5 मिमी और टपूकड़ा में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

ओलावृष्टि से फसलों को हुआ नुकसान

नागौर और डीडवाना-कुचामन में देर रात हुई ओलावृष्टि से कटने के लिए तैयार फसलें खराब हो गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नागौर के धनारी कलां, ढेहरू और डेगाना के सांजू-चुई क्षेत्रों में ओले गिरे। वहीं, डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना क्षेत्र के मनाना और गच्छीपुरा क्षेत्रों में भी ओले और बारिश से नुकसान हुआ।

अधिकतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक घटा

मौसम में आए बदलाव के चलते गर्मी में कमी आई। सीकर, चूरू, पिलानी, जयपुर, फतेहपुर, झुंझुनूं, अलवर, कोटा जैसे शहरों में सोमवार के दिन का अधिकतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक घट गया। कोटा और चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार मंगलवार (31 मार्च) को सीकर और झुंझुनूं समेत 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, दो-तीन दिनों में इस सिस्टम का असर कम होने लगेगा और इसके बाद तापमान बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- IPL 2026 : आज पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस का मुकाबला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button