Punjab

अमृतसर में ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 7 किलो हेरोइन संग 2 आरोपी गिरफ्तार

Punjab Police : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्यों को 7 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (DGP) पंजाब गौरव यादव ने दी।

ब्रेजा कार और मोटरसाइकिल की गई जब्त

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इंद्रजीत सिंह निवासी कलसियां खुर्द, तरनतारन और रविंदर शर्मा निवासी गुरबख्श नगर, नया कोट, अमृतसर के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मारुति सुजुकी ब्रेजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर पी बी 39एल 7651) और एक मोटरसाइकिल हीरो पैशन (रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी 02बी यू 2253), जिसका उपयोग खेप की डिलीवरी के लिए किया जाता था, को भी जब्त कर लिया है।

बड़े नशीले पदार्थों के नेटवर्क का हिस्सा

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हेरोइन की खेप की ढुलाई में सक्रिय रूप से शामिल थे और संभवतः इस क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े नशीले पदार्थों के नेटवर्क का हिस्सा हैं।

सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विशेष सूचना मिली थी कि संदिग्ध इंद्रजीत सिंह और रविंदर शर्मा हेरोइन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी के संबंध में अमृतसर में झब्बाल रोड, अड्डा बोहड़ू के पास दरिया के किनारे वाले रास्ते पर आने वाले हैं।

ड्राइवर सीट के नीचे से हेरोइन बरामद

डीजीपी ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके के आसपास नाकाबंदी की और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इंद्रजीत सिंह की कार की ड्राइवर सीट के नीचे से 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जबकि रविंदर शर्मा के पास से 3 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

मामले की गहनता से जांच कर रही पुलिस

इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 19 दिनांक 25-03-2026 को थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- Bank Holidays Alert : कल से 4 दिन के लिए बैंक बंद, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button