Prayagraj Cold Storage : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के बाद एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए।
घटना में चार मजदूरों की मौत की खबर है। मृतकों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें से जगदीश प्रयागराज का रहने वाला था, जबकि अन्य तीन बिहार के निवासी थे। हालांकि, प्रशासन ने अभी आधिकारिक रूप से मौतों की पुष्टि नहीं की है।
जेसीबी मशीनों से हटाया गया मलबा
रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है। मौके पर 7 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
मुंह पर कपड़ा बांधकर खुद को बचाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद इलाके में अमोनिया गैस की तेज बदबू फैल गई, जो करीब एक किलोमीटर तक महसूस की जा रही है। इससे आसपास के लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है और पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा।
27 साल पुराने कोल्ड स्टोरेज की इमारत ढही
यह हादसा फाफामऊ इलाके में स्थित ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ में हुआ, जो सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का बताया जा रहा है। करीब 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज की एक इमारत ढह गई, जिसमें 100 से ज्यादा लोग काम करते थे।
सीएम योगी ने जताया दुख
पुलिस ने मामले में कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर और मालिक के परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार मध्य पूर्व में युद्ध से पैदा संकट को संभालने में रही विफल, भुगत रही जनता- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









