Punjab News : कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मलोट में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए अंडर ब्रिज का उद्घाटन करते हुए इसे क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया. यह परियोजना राज्य सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है.
इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह अंडर ब्रिज मलोट शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो यातायात को अधिक सुचारू और तेज बनाते हुए रोजमर्रा की आवाजाही में आने वाली परेशानियों को कम करेगा, उन्होंने कहा कि इस परियोजना से ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी और सड़क हादसों को रोकने में भी मदद मिलेगी.
अंडर ब्रिज से जुड़ेंगे शहर के दो हिस्से
यह अंडर ब्रिज केवल एक ढांचागत परियोजना नहीं, बल्कि मलोट के लोगों के सपनों की साकार तस्वीर है. वर्षों से रेलवे फाटकों के कारण रुकती जिंदगी, देर से पहुंचते छात्र और आपातकालीन सेवाओं में आने वाली बाधाएं अब अतीत की बात बन जाएंगी. यह परियोजना लोगों के दैनिक जीवन को सुगम बनाते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देगी. उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस अंडर ब्रिज की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हो गई है, उन्होंने कहा कि जो शहर कई दशकों से दो हिस्सों में बंटा हुआ था, अब इस अंडर ब्रिज के माध्यम से उसका समन्वय संभव हो गया है, उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना शहर के विकास को नई दिशा देगी.
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और राज्य के हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, उन्होंने लोगों की अन्य समस्याओं को भी ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.
ये भी पढ़ें – गैस, बिजली, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कल करेगी विधानसभा का घेराव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









