Jharkhandराज्य

झारखंड में कृषि और पशुपालन विकास को नई दिशा, दो अहम एमओयू पर हस्ताक्षर

Jharkhand News : गुरुवार को झारखंड विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से जुड़े दो अहम समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं। इन समझौतों को राज्य के कृषि, बागवानी और पशुधन क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बेकन फैक्ट्री पुनः संचालन से मिलेगा नया विकास

पहला समझौता रांची की लंबे समय से प्रतीक्षित बेकन फैक्ट्री के पुनः संचालन और आधुनिकीकरण से संबंधित है। यह करार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नेशनल मीट रिसर्च इंस्टीट्यूट (हैदराबाद) और झारखंड के पशुपालन निदेशालय के बीच हुआ है। इसके तहत फैक्ट्री के तकनीकी उन्नयन के लिए विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मांस प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को लागू किया जाएगा तथा स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। भविष्य में इस क्षेत्र में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर भी कार्य होगा।

तकनीकी सहयोग से मीट उद्योग को बढ़ावा

आईसीएआर-एनएमआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एम. मुथुकुमार ने इस सहयोग को आधुनिक तकनीक के माध्यम से झारखंड के मांस उद्योग को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया। वहीं पशुपालन निदेशक आदित्य कुमार आनंद ने कहा कि बेकन फैक्ट्री के पुनरुद्धार से राज्य में मीट उद्योग का विस्तार होगा, जिससे किसानों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

दूसरे समझौते का उद्देश्य

दूसरा समझौता झारखंड के उद्यान निदेशालय और इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चरल रिसर्च, बेंगलुरु के बीच किया गया। इसका उद्देश्य राज्य में फल, सब्जी, सजावटी एवं औषधीय पौधों के साथ-साथ मशरूम जैसी फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता और मूल्य संवर्धन को बढ़ाना है। राज्य सरकार का मानना है कि इन पहलों से कृषि आधारित उद्योगों को मजबूती मिलेगी, किसानों की आय में वृद्धि होगी और झारखंड के ग्रामीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

ये भी पढ़ें – अब खत्म होगा विद्यार्थियों का इंतजार, जल्द जारी होने वाला है BSEB 12th का रिजल्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button